
मंदसौर। किसान आंदोलन में किसानों को भड़काने के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा कुछ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंच कांग्रेस नेताओं पर दर्ज किए जा रहे प्रकरणों को झूठा बताते हुए उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की। एसपी मनोजसिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, नरेंद्र नाहटा, श्यामलाल जोकचंद सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता गुरुवार सुबह एसपी कार्यालय पहुंचे। कांग्रेसजन ने एसपी मनोजसिंह से कहा कि राजनैतिक द्वेषतावश कांग्रेसजन पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। 27 जून को भी पिपलियामंडी के कांग्रेस कार्यकर्ता अनिल शर्मा के खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज किया गया। शर्मा ने कृषि उपज मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और महिला मजदूरों की समस्याओं को उठाया था। इससे बौखलाकर शर्मा के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व मंडी अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया जा रहा है जो पूर्ण रूप से गलत है। कांग्रेसजन ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किए जा रहे झूठे प्रकरणों को वापस लेने की मांग की। एसपी मनोजसिंह ने सभी की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।