
अटल जी के रोम-रोम में राष्ट्रभक्ति थी, उनके निधन से आई शून्यता – श्री गुर्जर
मंदसौर । भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी जी वाजपेयी जी के निधन पर बस स्टेण्ड स्थित अग्रवाल धर्मशाला पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मंदसौर के आमजन, सर्व समाज, सामाजिक संगठन सहित कई संस्थाओं ने अपनी ओर से श्री वाजपेयी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश भाजपा महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि अटल जी के रोम-रोम में राष्ट्रभक्ति थी। लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था थी। उनके निधन से एक शून्यता आ गई है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से दशरथ सिंह झाला ने कहा कि श्री अटल जी ने भारत के प्रति ये तन समर्पित, मन समर्पित एवं जीवन समर्पित भाव से काम किया। उनके घोर विरोधी भी उनके प्रशंसक थे। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि श्री अटल जी एक विराट व्यक्तित्व थे। उनके मन में हिन्दुस्तान को शक्तिशाली, वैभवशाली और समृद्धशाली देश बनाने का संकल्प था। संघ विचारधारा को आत्मसात कर राजनीति के माध्यम से देश के गौरव को संपूर्ण विश्व में बढ़ाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवीलाल धाकड़ ने कहा कि अटल जी ने संपूर्ण विश्व को भारत की परमाणु शक्ति से अवगत करवाया। हमारी परमाणु शक्ति का उपयोग किसी हमले के लिए नही, वरन देश देश की अखण्डा और शांति के लिए है। विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि अटल जी का मंदसौर से गहरा नाता एवं लगाव था। आज भी मंदसौर में उनके बिताए क्षण हमारी यादों में है। पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटील ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में हमको अटल जी के व्यक्तित्व से बहुत कुछ सीखना है। में तो भगवान से प्रार्थना करता हूं कि अटल जी का जन्म पुनः इस भारत में हो। नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार ने कहा कि अटल जी अपने लिए कभी नही जिये। उनका सारा जीवन राष्ट्र को समर्पित था। जिला बैंक अध्यक्ष मदनलाल राठौर ने कहा कि अटल जी राजनीति में सूचिता, रूचिता एवं स्पष्टतावादी के प्रतिक रहे है। हमारे राजनीतिक जीवन में उनके आदर्शो से बहुत कुछ सीखना बाकी है।
सेन्ट थॉमस विद्यालय में दी अटलजी को श्रद्धांजलि
सेन्ट थॉमस विद्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धाजंलि दी। संस्था की जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती संगीता सिंह रावत ने बताया कि विद्यालय प्रांगण में आयोजित भारत माता के सपूत अटलजी की श्रद्धाजंलि सभा में संस्था मैनेजर फादर कैनेडी थॉमस, प्राचार्या सिस्टर सजीवा, शिक्षक व विधार्थी प्रतिनिधियो ने अटल जी के चित्र पर पुष्प हार चढ़ा कर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही छात्र सार्थक अग्रवाल एवं छात्रा मानसी जैन ने पंचतत्व में विलीन अटल जी की जीवनी व उनकी कविताओं की कुछ पंक्तियों को विद्यालय मंच पर स्मृति रूपी सदभावना के साथ प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार ने दो मिनट का सामुहिक मौन रख अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।
श्रीराम युवा सेना ने दी वाजपेयी को श्रद्धांजली
श्रीराम युवा सेना द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गांधी चौराहा पर श्री अटल बिहारीजी के तस्वीर पर माल्यार्पण किया एवं मोमबत्ती लगाकर श्रद्धासुमन अर्पित की। इस अवसर पर राजेश माली, रघुनंदन उपाध्याय, दीपक पायल, शेलेष कपूर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।