
मंदसौर। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गुणवंत पाटीदार ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता गुणवंत पाटीदार ने शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर आरेाप लगाया है कि उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेष के चलते सफेमा की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही उनकी संपत्ति को जब्त करने का षडयंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसलिए वे भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं। श्री पाटीदार ने कहा कि इसके बाद वे किसानों की समस्याओं को लेकर लड़ाई लड़ेंगे। गौरतलब है कि श्री पाटीदार के खिलाफ अफीम तस्करी के संबंध में कई मामले अदालत में विचाराधीन है और इसी संबंध में जिला प्रशासन द्वारा उनकी संपत्ति को अटैच करने की कार्रवाई की जा रही है।