
बीते तीन दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। गुरुवार को मन्दसौर सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक जिलों में सूर्य देव ने प्रकोप दिखाया। सबसे ज्यादा तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में आसमान साफ रहने से शहर के तापमान में और बढ़ोत्तरी होगी।
फागुन की ठंडक महसूस करने के बाद अब लोग गर्मी की रफ्तार से प्रभावित होने लगे हैं। तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। बादलों की आवाजाही से मैदानी इलाकों की हवा गर्म होने से आने वाले सप्ताह में लू की आशंका मौसम वैज्ञानिक जता रहे हैं।
नगर में गर्मी को दौर जारी है और पश्चिम से आ रही हवाओं ने गर्माहट बढ़ा दी है। गुरुवार को सुबह से ही धूप में तीखापन रहा। दोपहर में तेज तपन महसूस की गई। इसका असर अब दोपहर में जनजीवन पर नजर आने लगा है। उमस और हवा में गर्माहट देररात तक बनी रही। पंखे-कूलर भी राहत देने में नाकाम रहे। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी हवा की गति तेज हाेने से गर्मी का ग्राफ तेजी से बढ़ा रहा है। उत्तरी हवा की गति मंद है। उत्तर भारत के राजस्थान, उत्तरप्रदेश जैसे क्षेत्रों में अभी मौसमी बादल बने हैं इसलिए हमारे क्षेत्र में रात की हवा में ठंडक बनी है। दिन की गर्मी और रात की ठंडक भी मौसम में उमस बढ़ा रही है।
दिनांक अधिकतम – न्यूनतम
19 मार्च 32 – 16.7
20 मार्च 33.8 – 17
21 मार्च 34.2 – 18.8
22 मार्च 37 – 18.6
23 मार्च 37.2 – 18.8
24 मार्च 35.2 – 18