पशुपतिनाथ महोत्सव 2026: शिवना तट पर 10 दिन का मेला, 24 अक्टूबर से शुरुआत
नगर पालिका ने मेले की तैयारियां पूरी कर ली हैं। झूले, हाट बाज़ार और सांस्कृतिक कार्यक्रम रोज़ शाम 6 बजे से होंगे।
भगवान पशुपतिनाथ की नगरी में इस साल का पशुपतिनाथ महोत्सव 24 अक्टूबर से शुरू होगा। नगर पालिका और मंदिर प्रबंध समिति ने शिवना तट के मेला ग्राउंड पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। दस दिन चलने वाले इस मेले में आसपास के ज़िलों और राजस्थान से भी हज़ारों श्रद्धालु आते हैं।
मेले में इस बार 300 से ज़्यादा दुकानें, बच्चों के लिए झूले और मालवी व्यंजनों का अलग फूड ज़ोन रहेगा। सांस्कृतिक मंच पर रोज़ शाम 6 बजे से भजन संध्या, लोकनृत्य और कवि सम्मेलन होंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
मेले के दौरान शाम 5 बजे के बाद मंदिर रोड पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु कीमती सामान साथ न लाएं और किसी भी परेशानी पर कंट्रोल रूम या 112 पर संपर्क करें।